Goon Katyal, Yamunanagar. यमुनानगर की राजाराम गली में स्थित एक अत्यंत प्राचीन और श्रद्धा का केंद्र बना शिव मंदिर अब नए स्वरूप में आकार ले रहा है। वर्षों से यह मंदिर न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक रहा है, बल्कि यहां आसपास के घरों में रहने वाले बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और दुकानदार प्रतिदिन दर्शन और पूजन के लिए आया करते थे। यह स्थान शिवभक्तों के लिए ऊर्जा और शांति का केंद्र था, ऐसा माना जाता है कि इस मंदिर पर स्वयं भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद विद्यमान है।
समय के साथ मंदिर की दीवारें जर्जर होने लगी थीं, इसलिए स्थानीय श्रद्धालुओं ने मिलकर इसका पुनर्निर्माण करने का संकल्प लिया। मंदिर को तोड़कर एकमजबूत स्वरूप में बनाने का कार्य 10 जुलाई से प्रारंभ किया गया। इस पुण्य कार्य में स्थानीय लोगों ने दिल खोलकर चढ़ावा दिया और आर्थिक एवं श्रमदान के माध्यम से सहयोग प्रदान किया।
मंदिर निर्माण में कई सेवाभावी कार्यकर्ता दिन-रात जुटे हुए हैं, जिनमें सोनू और संजू विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं। ये दोनों कार्यकर्ता मंदिर को एक नए और सुंदर स्वरूप देने के लिए तन-मन से समर्पित होकर कार्य कर रहे हैं। निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और ऐसा अनुमान है कि अगले 8 से 10 दिनों में मंदिर का पुनर्निर्माण पूर्ण हो जाएगा।
यह मंदिर केवल ईंट-पत्थरों का ढांचा नहीं, बल्कि श्रद्धा, आस्था और सामूहिक प्रयासों का प्रतीक बन चुका है। स्थानीय जनता के लिए यह केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि एक भावनात्मक जुड़ाव का स्थान है – एक ऐसी धरोहर, जिसे सहेजना और संवारना हर किसी का कर्तव्य बनता है।
Please click and join the WhatsApp Channel of Yamunanagar Hulchul. Your one-stop digital platform for all district updates. Stay connected, stay informed!
https://whatsapp.com/channel/0029Vb5yq9PAojYl4krErA2q








