सावन में सुरक्षा को प्राथमिकता: फव्वारा चौक पर निर्माण कार्य पर अस्थायी रोक

fountain chowk yamunanagar
  • कांवड़ यात्रा के चलते फव्वारा चौक पर निर्माण कार्य अस्थायी रूप से रोका गया

  • श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता, प्रशासन ने लिया एहतियाती फैसला

  • कांवड़ियों ने भी जताई सहमति — “रास्ता साफ और सुरक्षित मिलना सबसे ज़रूरी

Goon Katyal, Yamunanagar. शहर के केंद्र में स्थित फव्वारा चौक का सौंदर्यीकरण कार्य सावन के चलते फिलहाल रोक दिया गया है। प्रशासन ने यह निर्णय कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है। यह मार्ग कांवड़ियों की प्रमुख आवाजाही का हिस्सा है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए एहतियातन निर्माण को रोक दिया गया है।

फव्वारा चौक का पुनर्निर्माण कार्य पिछले कुछ हफ्तों से चल रहा था। चौक के बीचोंबीच एक बड़ा सीमेंटेड रोटरी स्ट्रक्चर बनाया गया है, जिसकी दीवारें खड़ी कर दी गई हैं, लेकिन अभी तक उस पर प्लास्टर, पेंटिंग या फिनिशिंग का कार्य नहीं हुआ है। शुरुआत में शहरवासियों को उम्मीद थी कि यह चौक एक नए रूप में सामने आएगा और शहर की सुंदरता में इजाफा करेगा। लेकिन फिलहाल वहां निर्माण कार्य पूरी तरह से थमा हुआ नजर आ रहा है।

प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि सावन के दौरान  हजारों की संख्या में कांवड़िए यमुनानगर होकर गुजरते हैं। ऐसे में किसी भी तरह की निर्माण सामग्री, मलबा या ट्रैफिक जाम श्रद्धालुओं के लिए खतरा बन सकता है।

श्रद्धालुओं की राय:

“हम हर साल हरिद्वार से जल लेकर यमुनानगर होकर गुजरते हैं। रास्ता अगर खुला और साफ मिले, तो यात्रा आसान हो जाती है। निर्माण बाद में भी हो सकता है, लेकिन यात्रा में रुकावट नहीं आनी चाहिए।” – अजय चौहान, कांवड़ यात्री (जगाधरी)

“प्रशासन ने ठीक किया जो अभी निर्माण रोक दिया। अगर रास्ते में गड्ढे, मशीनें या मलबा होता तो चोट लग सकती थी। सावन खत्म होते ही काम फिर से शुरू हो ही जायेगा ।” – रोहित शर्मा, कांवड़ यात्री (यमुनानगर)

स्थानीय नागरिकों की भी अपील:

“सावन में रुकना समझदारी है, लेकिन काम को लंबे समय तक न रोका जाए। फव्वारा चौक यमुनानगर की पहचान है और इसका सुंदर बनना जरूरी है।” – विकास अग्रवाल, व्यापारी (यमुनानगर)

“काँवड़ यात्रा के चलते चौक का काम रुकना ठीक है, पर जलाभिषेक के कम से कम तुरंत बाद फिर से चालू हो जाना चाहिए।” – अनीता रानी निवासी (यमुनानगर)


Click to join the official WhatsApp Channel of Yamunanagar Hulchul ®. Your one-stop digital platform for all district updates. Stay connected, stay informed!

Previous articleसरस्वती विद्या मंदिर में ट्रैफिक नियमों पर जागरूकता शिविर आयोजित
Next articleफेसबुक पर बाइक बेचने के नाम पर विज्ञापन द्वारा ठगी मामले में दो गिरफ्तार