Home यमुनानगर आसपास बराड़ा में सड़क पर आवारा पशुओं की वजह से लगा जाम, क्रेन...

बराड़ा में सड़क पर आवारा पशुओं की वजह से लगा जाम, क्रेन भी फंसी

barara news by shine bhatia
  • बराड़ा में आवारा पशुओं ने आधे घंटे तक मुख्य सड़क को किया जाम
  • निर्माण कार्य जा रही क्रेन भी जाम में फंसी रही
  • स्थानीय लोगों ने जताई नाराजगी, बच्चों और बुजुर्गों को हो रही परेशानी
सड़क पर बैठे पशु, रुक-रुक कर खिसकती क्रेन और जाम में फंसे वाहन — यह अब बराड़ा कस्बे की आम तस्वीर बनती जा रही है। स्थानीय लोगों की अपील कि प्रशासनिक विभाग, नगर पालिका और समाजसेवी संस्थाएं मिलकर इस समस्या का स्थायी समाधान निकालें, ताकि न तो पशुओं को कोई क्षति पहुंचे और न ही आम नागरिकों को असुविधा झेलनी पड़े।

Shine Bhatia, Barara. शनिवार देर शाम बराड़ा की मुख्य सड़क पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कुछ आवारा पशुओं ने बीच सड़क पर डेरा जमा लिया। इससे लगभग आधे घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। स्थिति इतनी गंभीर थी कि एक क्रेन, जिसे निर्माण स्थल की ओर ले जाया जा रहा था, वह भी इस अव्यवस्था में फंस गई और 30 मिनट तक वहीं रुकी रही।

पशुओं की हथधर्मी के कारण मुख्य बाजार की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई दोपहिया वाहन चालक किनारे से निकलने की कोशिश करते नजर आए, लेकिन पशुओं की चहल-कदमी और अचानक हरकतों के कारण वे भी पीछे हटने को मजबूर हो गए। राहगीरों और आम नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थानीय दुकानदार सुभाष कुमार ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। यहां प्रतिदिन आवारा पशु सड़कों पर बैठे रहते हैं। स्कूल के छोटे बच्चों को और बुज़ुर्गों को निकलने में मुश्किल होती है और डर लगा रहता है कि वो उन्हें कोई हानि ना पहुंचा दें। प्रशासन को चाहिए कि इन पशुओं को जल्द पकड़कर गौशालाओं में भेजा जाए।

अन्य नागरिकों ने भी प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि पशुओं की वजह से न केवल यातायात बाधित होता है बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। खासकर शाम के समय जब कार्यालयों और दुकानों से लौटते लोगों की भीड़ होती है, ऐसे में सड़कों पर घूमते ये आवारा पशु गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं।

उन्होंने नगर प्रशासन से मांग की है कि आवारा पशुओं को नियमित रूप से पकड़कर नज़दीकी गौशालाओं में पहुंचाया जाए, ताकि इस तरह के ट्रैफिक जाम और संभावित हादसों से बचा जा सके।


Click to join the official WhatsApp Channel of Yamunanagar Hulchul®. Your one-stop digital platform for all district updates. Stay connected, stay informed!

Exit mobile version