- विधायक अरोड़ा व अन्य अतिथियों ने साझा किए पौधारोपण के वैज्ञानिक व धार्मिक महत्व
- छात्राओं और अतिथियों ने मिलकर लगाए 50 से अधिक फलदार पौधे, हर वर्ष आयोजन का संकल्प
- ईको क्लब, समाजसेवी संस्थाओं और कॉलेज प्रशासन की संयुक्त पहल
Shine Bhatia / Goon Katyal, Yamunanagar Hulchul. डीएवी कॉलेज गर्ल्स हॉस्टल, यमुनानगर में आज पर्यावरण संरक्षण और मातृत्व सम्मान को समर्पित एक विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम “एक पेड़ मां के नाम” के तहत आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य डॉ. सुरिंद्र कौर, संयोजक डॉ. सुनीता कौशिक और डॉ. गुरशरण कौर के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में यमुनानगर के विधायक श्री घनश्याम दास अरोड़ा उपस्थित रहे, जबकि वार्ड नंबर 8 पार्षद श्री विभोर पाहूजा और सांझा रेडियो के सीईओ श्री मनमोहन सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस अवसर पर ईको क्लब, हरित हरियाणा अभियान, नेचर इंटरप्रिटेशन सेंटर, ऑल इंडिया समाज सेवा केंद्र और सृष्टि जनकल्याण समिति के संयुक्त तत्वावधान में हॉस्टल ग्राउंड में 50 से अधिक फलदार पौधे लगाए गए।
Click below to watch the program video:
विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि पेड़ हमारे जीवन के लिए उतने ही जरूरी हैं जितनी ऑक्सीजन। उन्होंने बताया कि बिना भोजन और पानी के तो मनुष्य कुछ दिन जीवित रह सकता है, लेकिन ऑक्सीजन के बिना एक पल भी नहीं। उन्होंने कहा कि सावन माह धार्मिक और प्राकृतिक दृष्टिकोण से पौधारोपण के लिए सर्वश्रेष्ठ समय होता है, जब हरियाली अपने चरम पर होती है।

पार्षद विभोर पाहूजा ने कहा कि सावन का मौसम नमी और वर्षा से भरपूर होता है, जो पौधों की वृद्धि और जड़ों के जमने के लिए आदर्श है। वहीं श्री मनमोहन सिंह ने पौधारोपण को जलवायु, वर्षा और भूमि संरक्षण में संतुलन बनाए रखने वाला आवश्यक कार्य बताया। कार्यक्रम में लाइफ साइंस विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. तन्वी तनेजा तथा विभाग की लगभग 25 छात्राओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।

कॉलेज प्रशासन ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे हर वर्ष नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प लिया। साथ ही आम जनता से भी अपील की गई कि वे एक पौधा अपनी मां के सम्मान में अवश्य लगाएं। अंत में यह संदेश भी दिया गया कि जैसे-जैसे ये पौधे बड़े होंगे, वैसे-वैसे वे हमारी मां की तरह हमारा संरक्षण करेंगे और भावी पीढ़ियों के जीवन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इस अवसर पर डॉ. गीता शर्मा, निशी ग्रोवर, पारूल सिंह, सुदर्शन फाउंडेशन के अध्यक्ष संदीप बजाज, भाजपा मंडल अध्यक्ष अमन सागर, अतुल ग्रोवर सहित अन्य गणमान्य अतिथि भी मौजूद रहे।

Please click and join the WhatsApp Channel of Yamunanagar Hulchul. Your one-stop digital platform for all district updates. Stay connected, stay informed! https://whatsapp.com/channel/0029Vb5yq9PAojYl4krErA2q








