फेसबुक पर बाइक बेचने के बहाने 32,499 रुपये की ठगी
साइबर ठगी के दो आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया
Ravinder Punj, Yamunanagar. पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में कार्य करते हुए थाना साइबर क्राइम की टीम ने ठगी के मामले में जिला पलवल के गांव लखनाका गांव निवासी शोएब व गांव पहाड़पुर निवासी जुबैर को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को साइबर क्राइम थाना पुलिस ने कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया।
थाना प्रबंधक संदीप कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जवाहर नगर निवासी अमित कुमार ने शिकायत दर्ज करवाई कि 12 सितंबर 2024 को फेसबुक पर बाइक बेचने के लिए एक अकाउंट पर फोटो डाला हुआ था। जिस पर नंबर भी लिखा था। इसके साथ ही आधार कार्ड, पैन कार्ड व लेफ्टिनेंट का आइकार्ड की फोटो भी थी। उस नंबर पर बात की तो बताया गया कि वह अंबाला में पोस्टिड है। अब अपनी बाइक बेचना चाहता है। उसके साथ 20 हजार रुपये में बाइक का सौदा तय हाे गया।
आरोपियों ने बातों में उलझा लिया और कहा कि बाइक आर्मी के ट्रक में पार्सल के माध्यम से आएगी। इस तरह से बातों में उलझाकर आरोपी ने अलग-अलग कर खाते में 32 हजार 499 रुपये हड़प लिया। बाद में न तो बाइक मिली और न ही आरोपी का नंबर मिला। इस संबंध में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने 26 सितंबर को केस दर्ज किया था। दोनों आरोपियों को साइबर क्राइम थाना पुलिस ने कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया।








