युवा पीढ़ी सरदार पटेल के सपनों का भारत बनाने का ले संकल्प – राणा

Run For Unity Yamunanagar Hulchul (2)

Yamunanagar – कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने रन फॉर युनिटी को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

  • रन फॉर यूनिटी में सैकड़ों युवाओं, महिलाओं और खिलाडिय़ों ने लिया भाग — राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया

  • लौह पुरूष सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर जिला स्तरीय रन फॉर यूनिटी का आयोजन

Ravinder Punj,Yamunanagar. कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल के सपनों का भारत बनाने के लिए युवा पीढ़ी को नि:स्वार्थ भाव से देश की सेवा करने का संकल्प लेना होगा। इस संकल्प को पूरा करने के लिए देश की भावी पीढ़ी को अपने जीवन में सरदार वल्लभ भाई पटेल के आदर्शों को धारण करना होगा। इन्हीं तमाम उद्देश्यों को लेकर रन फॉर यूनिटी कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा हैं।

मंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई। पुलिस अधीक्षक व जगाधरी के एसडीएम ने मुख्यातिथि कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा एवं विशिष्ट अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

Run For Unity Yamunanagar Hulchul (2)

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने शुक्रवार को जिला स्तरीय रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम दशहरा ग्राउंड, मॉडल टाउन में लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150 वीं जयन्ती पर आयोजित रन फॉर युनिटी कार्यक्रम में रन फॉर युनिटी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौड़ में सैकड़ों खिलाडिय़ों, युवाओं व महिलाओं ने भाग लिया और सैकड़ों प्रतिभागियों ने दशहरा ग्राउंड से होते हुए नेहरू पार्क, मेला सिंह चौक से प्यारा चौक से होते हुए, मधु चौक से होते हुए एसपी कोठी के सामने से वापिस दशहरा ग्राउंड में पहुंचे और राष्‍ट्रीय एकता का संदेश दिया।

कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि आज पूरे देश के साथ-साथ हरियाणा प्रदेश में सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा हैं। आजाद भारत के इतिहास में सरदार वल्लभ भाई पटेल का नाम स्वर्णाक्षरों में अंकित है, उनकी जयंती को देश भर में ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में भी मनाया जाता है। लौह पुरुष पटेल जी का जन्म 31 अक्टूबर, 1875 को गुजरात के खेड़ा जिले के नडियाद गांव में एक जमींदार परिवार में हुआ था। पटेल गांधीजी के शुरुआती राजनीतिक लेफ्टिनेंटों में से एक थे, जिन्होंने ब्रिटिश राज के खिलाफ खेड़ा, बोरदा और बारडोली के बीच अहिंसक सविनय अवज्ञा के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कृषि मंत्री ने कहा कि आजादी के बाद वे भारत के पहले गृहमंत्री और उप प्रधानमंत्री बनाए गये। उन्होंने पाकिस्तान से पंजाब और दिल्ली आए विभाजन शरणार्थियों के लिए राहत प्रयासों के आयोजन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और शांति बहाल के प्रयास भी किए। महान स्वतंत्रता सेनानी सरदार वल्लभ भाई पटेल ने आजाद भारत की 550 से ज्यादा रियासतों को एक सूत्र में पिरोने की अहम भूमिका निभाई। जिसके कारण ही लौहपुरूष पटेल जी को भारतीय एकता के प्रतीक माने गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके योगदान को देखते हुए गुजरात राज्य के नर्मदा जिले में सरदार सरोवर बांध के पास केवडिय़ा (अब एकता नगर) में सबसे बड़ी प्रतिमा का निर्माण करवाया है जिसको देखने के लिए देश, विदेश से लोग आते हैं।

पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवर पाल ने कहा कि सरदार पटेल की जयंती पर जगह-जगह रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया जाता हैं। इस आयोजन से हमें भारत की एकता और अखंडता की महत्वपूर्ण सीख मिलती हैं। यह आयोजन हम सबको अपने देश की विविधता व एकता का महत्व समझाता हैं। इस दौड़ में शामिल होकर सरदार पटेल के सपनों का भारत बनाने का संकल्प लेना चाहिए। आज इस रन फॉर यूनिटी के जिला स्तरीय कार्यक्रम में भाग लेने वाले युवाओं को सरदार पटेल जी के विचारों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लेना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार ने किया।

इस मौके पर पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल, नगर निगम की मेयर सुमन बहमनी,भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा, जगाधरी के एसडीएम विश्वनाथ, नगराधीश पीयूष गुप्ता, पूर्व चेयरपर्सन रोजी मलिक आनंद, पूर्व विधायक ईश्वर सिंह पलाका, नगर निगम के पूर्व मेयर मदन चौहान, फुटबॉल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष भारत भूषण जुयाल, डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार, जिला खेल अधिकारी शिल्पा गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लत्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी मीक्षा रंगा, आयुष विभाग से डॉ. सुनील काम्बोज सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।


Click to join the official WhatsApp Channel of Yamunanagar Hulchul ®. Your one-stop digital platform for all district updates. Stay connected, stay informed!

Visit www.YamunanagarHulchul.com for regular updates!

Previous articleऐतिहासिक श्री कपाल मोचन मेला कल से
Next articleव्यासपुर में रन फॉर यूनिटी का आयोजन, गूंजा एकता का संदेश