अनुभव ही सबसे बड़ा शिक्षक है – दीपाक्षी
लेखिका: Goon Katyal, Yamunanagar
संस्थान: डीएवी कॉलेज, मास कम्युनिकेशन विभाग
हर विद्यार्थी के जीवन में इंटर्नशिप एक ऐसा महत्वपूर्ण मोड़ होती है, जो उसे कक्षा की पढ़ाई से निकालकर वास्तविक दुनिया की ज़मीन से जोड़ती है। डीएवी कॉलेज के मास कम्युनिकेशन विभाग की सीनियर विद्यार्थी दीपाक्षी ने भी इसी सफर को पूरा करते हुए अपने अनुभव साझा किए। उनका यह अनुभव न सिर्फ प्रेरणादायक है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शन का स्रोत भी है।
दीपाक्षी ने सांझा रेडियो में एक वर्ष और सिटी लाइफ हरियाणा में तीन महीने की इंटर्नशिप की। सांझा रेडियो में उन्होंने एडिटिंग, स्क्रिप्टिंग और ब्रॉडकास्टिंग जैसे मीडिया के जरूरी पहलुओं को बारीकी से सीखा, जबकि सिटी लाइफ हरियाणा में उन्होंने एंकरिंग और वीडियो एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। दीपाक्षी बताती हैं कि दोनों संस्थानों के मेंटर्स और प्रशिक्षकों ने उन्हें हर कदम पर सहयोग और सीख प्रदान की, जिससे उनका आत्मविश्वास और कौशल लगातार बढ़ा।
इंटर्नशिप के दौरान उन्होंने हर दिन कुछ नया सीखा — कभी समय पर रिपोर्ट तैयार करनी होती थी, तो कभी खबरों की एडिटिंग करनी पड़ती थी, तो कभी अलग-अलग जगहों पर जाकर फील्ड रिपोर्टिंग करनी होती थी। चुनौतियाँ कई थीं, लेकिन उन्होंने कभी घबराकर हार नहीं मानी। हर कठिनाई को उन्होंने सीखने के अवसर की तरह लिया।
दीपाक्षी का मानना है कि जब कक्षा में सीखी गई बातें धरातल पर उतरती हैं, तभी असली शिक्षा मिलती है। इंटर्नशिप ने उन्हें सिखाया कि मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
उनकी यह इंटर्नशिप यात्रा हम सभी विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणा है। दीपाक्षी का स्पष्ट संदेश है कि हर विद्यार्थी को अपने कॉलेज जीवन में कम से कम एक बार इंटर्नशिप का अनुभव जरूर लेना चाहिए, क्योंकि यह अनुभव न केवल व्यावसायिक दुनिया की समझ देता है, बल्कि हमारे भविष्य की नींव भी मज़बूत करता है।
–
Click to join the official WhatsApp Channel of Yamunanagar Hulchul ®. Your one-stop digital platform for all district updates. Stay connected, stay informed!
