Home धर्म | समाज Yamunanagar : गीता महोत्सव पर शोभा यात्रा

Yamunanagar : गीता महोत्सव पर शोभा यात्रा

0
Yamunanagar : गीता महोत्सव पर शोभा यात्रा

Yamunanagar Hulchul. गीता महोत्सव के तीसरे दिन शहर में गीता ग्रंथ की भव्य नगर शोभा यात्रा निकाली गई। इसमें विभिन्न विभागों के साथ-साथ सामाजिक-धार्मिक संस्थाओं की झांकियों के माध्यम से जीवन में गीता के संदेश की उपयोगिता व सामाजिक संदेशों को दर्शाया गया। यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास अरोड़ा व उपायुक्त रोहतास सिंह खर्ब ने शोभा यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया और वे स्वयं अधिकारियों व गणमान्य व्यक्तियों के साथ शोभा यात्रा में शामिल हुए। रथयात्रा में जिला प्रशासन के अधिकारियों सहित श्री कृष्ण कृपा सेवा समिति के सदस्यगण व गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।

यमुनानगर में गीता महोत्सव का तीसरा दिन, शोभा यात्रा निकाली गई
शोभा यात्रा के लिए गीता ग्रंथ को सम्मान सहित एक सजे-धजे अश्व चलित रथ में विराजमान किया गया। इसके पीछे शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की झांकियों सहित अनेक विभागों व संस्थाओं की झांकियां चल रही थी। श्री कृष्ण कृपा सेवा समिति द्वारा तैयार की गई झांकियों में विराजमान गीता व भगवान श्रीकृष्ण, धनुर्धर अर्जुन और भीष्म पितामह सहित महाभारत के विभिन्न पात्रों का रूप धारण किए स्कूली विद्यार्थी सबका मन मोह रहे थे। महिला बाल विकास विभाग की झांकी में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का प्रभावशाली संदेश दिया गया। शोभा यात्रा गीता भवन मंदिर, हनुमान गेट जगाधरी से शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए सिविल लाईन जगाधरी में जैन मन्दिर के साथ ग्राउंड में आयोजित गीता जंयती समारोह में पहुंची। रास्ते में अनेक धार्मिक-सामाजिक संस्थाओं ने शोभा यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।
मुख्यातिथि कंवर पाल ने गीता माता की आरती व दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि समाज में जन-जन तक गीता का संदेश पहुंचाना आज समय की जरूरत है। गीता हमें फल की चिंता किए बिना कर्म करने का संदेश देती है। जब व्यक्ति गीता के संदेश का मर्म समझ लेता है तब उसे जीवन में किसी से भय नहीं रहता है। निष्काम कर्म करने वाले व्यक्ति को निश्चय ही ऐच्छिक फल की प्राप्ति होती है। गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने यही संदेश दिया है कि जो व्यक्ति केवल फल की चिंता करता है और कर्म के प्रति पूर्ण समर्पण नहीं कर पाता है उसे कर्म का पूरा फल नहीं मिल पाता है। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त के.के. भादू, जगाधरी के एसडीएम भारत भूषण कौशिक, बिलासपुर के उपमंडलाधीश नवीन आहूजा, जिला राजस्व अधिकारी हरिओम विश्रोई, जिला सूचना अधिकारी रमेश गुप्ता, जगाधरी के तहसीलदार दर्शन सिंह, श्री कृष्ण कृपा सेवा समिति के संरक्षक रामनिवास गर्ग व प्रधान जितेन्द्र गुप्ता व सदस्यगण व अन्य जिला प्रशासन के अधिकारियों के अलावा जिला में गीता जंयती समारोह को सफल बनाने के उद्देश्य से बनाई गई कमेटी के लगभग सभी सदस्यों व धार्मिक तथा सामाजिक संस्थाओं से जुड़े प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

.

Please follow below social handles to get updates from Yamunanagar Hulchul
Pinterest | Youtube | Facebook | FB Group | Instagram | Twitter | Website | Blog