Home जिले के समाचार विशेष अभियान चलाकर सब्जी मंडी को किया जाएगा साफ व चकाचक –...

विशेष अभियान चलाकर सब्जी मंडी को किया जाएगा साफ व चकाचक – सुमन बहमनी

Yamunanagar News – मंडी साफ होने के बाद नियमित रूप से की जाएगी सफाई, निकलने वाले कचरे से तैयार की जाएगी खाद

– खुले में कचरा डालने व अतिक्रमण करने वालों के काटे जाएंगे चालान, कचरा डालने को स्थान निर्धारित कर चारदीवारी की जाएगी
– मेयर की अध्यक्षता में हुई मंडी एसोसिएशन, मार्केट कमेटी व निगम अधिकारियों की बैठक में लिए गए निर्णय

Ravinder Punj, Yamunanagar. सब्जी मंडी की सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए नगर निगम व मार्केट कमेटी द्वारा संयुक्त विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। विशेष अभियान के तहत सफाई कर्मचारियों, लोडर व अन्य मशीनी उपकरणों की मदद से गंदगी को पूरी तरह साफ कर मंडी को चकाचक किया जाएगा। इसके अलावा मंडी से निकले कचरे से खाद तैयार की जाएगी। एक बार सब्जी मंडी की पूरी तरह सफाई होने के बाद नियमित सफाई कराई जाएगी।

कचरा डालने के लिए एक निर्धारित स्थान बनाकर उसकी चारदीवारी कराई जाएगी। सड़कों पर अतिक्रमण करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी। खुले में कचरा न डालने, अतिक्रमण न करने व गंदगी न फैलाने के प्रति सब्जी व फल विक्रेताओं को जागरूक किया जाएगा। बावजूद इसके खुले में गंदगी डालने व अतिक्रमण करने वालों के चालान व सामान जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। यह निर्णय सोमवार को मेयर हाउस में मेयर सुमन बहमनी की अध्यक्षता में हुई सब्जी मंडी एसोसिएशन, मार्केट कमेटी व निगम अधिकारियों की बैठक में लिया गया।

मेयर सुमन बहमनी ने बीते बुधवार यमुनानगर सब्जी मंडी का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान सब्जी मंडी में गंदगी, अतिक्रमण, कीचड़ व गंदगी के उठान की समस्याएं सामने आई थी। मंडी एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी मेयर के समक्ष अपनी समस्याएं रखी थी। सब्जी मंडी की समस्याओं के निवारण के लिए सोमवार को मेयर सुमन बहमनी ने मेयर हाउस पर विशेष बैठक बुलाई। जिसमें मार्केट कमेटी सचिव मोहित बेरी, नगर निगम एक्सईएन विकास धीमान, एसआई सुशील कुमार, सब्जी मंडी प्रधान अमृत वधावन व अन्य पदाधिकारी पहुंचे।

मेयर सुमन बहमनी ने मंडी की समस्याओं को लेकर सभी से विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सुझाव दिए कि सबसे पहले सब्जी मंडी में मार्केट कमेटी व नगर निगम द्वारा मिलकर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। जिसके तहत मंडी को पूरी तरह साफ किया जाएगा। इसके साथ ही मंडी से निकलने वाला कचरा डालने के लिए साथ में ही एक स्थान निर्धारित कर उसकी चारदीवारी की जाएगी। मंडी साफ करने के साथ ही सभी सब्जी, फल विक्रेताओं, दुकानदारों, आढ़तियों व सब्जी खरीदने वाले ग्राहकों को खुले में कचरा न डालने, पॉलिथीन का इस्तेमाल न करने, डस्टबिन का इस्तेमाल करने और सड़कों पर अतिक्रमण न करने के प्रति जागरूक किया जाएगा।

जागरूकता अभियान के बाद भी यदि कोई भी खुले में कचरा डालेगा, अतिक्रमण करेगा तो उसका नगर निगम द्वारा चालान किया जाएगा और उसका सामान जब्त किया जाएगा। मेयर बहमनी ने बताया कि मंडी को एक बार पूरी तरह साफ करने के बाद उसकी नियमित सफाई की जाएगी। इसके अलावा निर्धारित स्थान पर एकत्रित होने वाले कचरे से खाद तैयार की जाएगी। इस दौरान मेयर बहमनी ने अधिकारियों को मंडी के साथ लगते नाले की भी गहनता से सफाई करने के निर्देश दिए। मेयर बहमनी ने मंडी एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों को मंडी के सभी विक्रेताओं को जागरूक करने और अपने आसपास सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए डस्टबिन का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी विक्रेताओं से कहा कि वे सब्जी व फलों से निकलने वाले अवशेष व कचरे को डस्टबिन में एकत्रित करें और उसे निर्धारित स्थान पर एकत्रित करें। सड़कों पर रेहड़ियां न खड़ा करें और न ही सामान रखकर अतिक्रमण करें। मेयर के सुझाव पर सभी ने सहमति जताई और मिलकर सब्जी मंडी को साफ व चकाचक बनाने का निर्णय लिया।

मेयर ने कहा कि सब्जी मंडी हो या शहर को साफ व सुंदर बनाना हो। यह कार्य सभी के मिलकर प्रयास करने से ही संभव है। इसलिए सभी इस कार्य में सहयोग करें। खुले में, सड़कों पर व खाली प्लाटों में गंदगी न डाले। यदि कोई दूसरा व्यक्ति भी खुले में कचरा डालता है तो उसे भी ऐसा करने से रोके। सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने में सभी सहयोग करें। मंडी एसोसिएशन प्रधान व अन्य पदाधिकारियों ने भी मेयर को आश्वस्त किया तो वह सभी दुकानदारों, आढ़तियों, सब्जी व फल विक्रेताओं को अपने आसपास साफ सफाई रखने और खुले में कचरा न डालने के प्रति जागरूक करेंगे।


Click to join the official WhatsApp Channel of Yamunanagar Hulchul ®. Your one-stop digital platform for all district updates. Stay connected, stay informed!

Exit mobile version