– अधिकारियों को नालों की पूरी तरह से सफाई करवाने व पुलिस मदद से कब्जे हटवाने के दिए निर्देश
– दो नाला गैंग जगाधरी व तीन यमुनानगर में कर रही नालों की सफाई
यमुनानगर। नगर निगम मेयर मदन चौहान ने शनिवार को सेनेटरी इंस्पेक्टर अमित कांबोज के साथ जगाधरी के मुख्य नालों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रामलीला भवन के साथ निकल रहे बड़े नाले पर कई जगह कब्जे मिले। मेयर चौहान ने अधिकारियों को पुलिस मदद से इन कब्जों को हटाने के निर्देश दिए। वहीं, उन्होंने नालों को गहराई तक गंदगी व गाद को पूरी तरह साफ करने के निर्देश दिए।

दो नाला गैंग जगाधरी व तीन यमुनानगर में कर रही नालों की सफाईः
बतां दे कि मानसून में बारिश के समय कोई भी नाला ओवरफ्लो ना हो और शहर की कॉलोनियों में जलभराव की दिक्कत न हो, इसके लिए नगर निगम ने पांच नाला गैंग बनाई है, जिनमें एक गैंग के पास 14 कर्मचारी हैं। इनमें से दो नाला गैंग जगाधरी एरिया और तीन नाला गैंग यमुनानगर एरिया के नालों की सफाई कर रही है। बड़े नालों को जेसीबी की मदद से साफ किया जा रहा है।
लगातार हो रही नालों की सफाईः
बतां दे कि हर बार मानसून आने पर बारिश में शहर की कई कॉलोनियों में जलभराव हो जाता है। जिसका सबसे बड़ा कारण नालों की प्रर्याप्त सफाई का न होना है। लेकिन इस बार नालों की सफाई पहले से ही नगर निगम द्वारा युद्ध स्तर पर शुरू कर दी गई है। शहर के सभी नालों को पूरी तरह साफ करने का नगर निगम का टारगेट है। इसके अलावा नगर निगम की ओर से लगातार नालों की सफाई की जा रही है। ताकि इस बार बारिश में शहरवासियों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।