Home जिले के समाचार Yamunanagar : गैंगस्टर भीम पुलिस मुठभेड़ में ढेर, कई मामलों में था...

Yamunanagar : गैंगस्टर भीम पुलिस मुठभेड़ में ढेर, कई मामलों में था वांछित

yamunanagar-police-encounter-gangster-bheem

Yamunanagar News – ₹20,000 का इनाम घोषित गैंगस्टर मारा गया

Yamunanagar. जिला पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देशानुसार चलाए जा रहे गैंगस्टर विरोधी अभियान के तहत सोमवार रात रतौली-खेड़ा रोड पर पुलिस और आरोपी भीम के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें गैंगस्टर मारा गया। उस पर ₹20,000 का इनाम घोषित था।
जानकारी के अनुसार, भीम पर हत्या के प्रयास, नशा तस्करी और अवैध हथियारों सहित कुल 7 से 8 गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज थे। पुलिस को इनपुट मिला था कि वह रतौली खेड़ा रोड पर मौजूद है। जब पुलिस ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, तो आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला।
करीब 15 राउंड पुलिस की ओर से और 8 से 9 राउंड बदमाश की ओर से फायरिंग हुई। फायरिंग के दौरान एक गोली पुलिस की जैकेट पर भी लगी, लेकिन कोई हानि नहीं हुई। पुलिस की गोली लगने से भीम की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने बताया कि आरोपी अयोध्या का रहने वाला था, लेकिन हाल ही में वह आजाद नगर, यमुनानगर में रह रहा था। उसने कुछ ही दिन पहले कारोबारी बॉबी और कपड़ा व्यापारी रवि के घर पर भी फायरिंग की थी, जिससे शहर में दहशत का माहौल बन गया था।
मुठभेड़ के बाद घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस को मौके से एक हथियार, जिंदा कारतूस और एक बाइक भी बरामद हुई है।
एसपी कमलदीप गोयल ने बताया कि यह कार्रवाई गैंगस्टरों और अपराधियों को साफ संदेश देती है कि यमुनानगर पुलिस अपराध के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में इस तरह के अभियान और तेज़ किए जाएंगे।
गौरतलब है कि जिला पुलिस द्वारा पिछले कुछ समय से लगातार गैंगस्टर और नशा तस्करों के खिलाफ मुहिम चलाई जा रही है, जिसके तहत पहले भी कई बड़ी गिरफ्तारियां और मुठभेड़ हो चुकी हैं। भीम की मौत से क्षेत्र में एक बड़ी राहत मानी जा रही है।

Click to join the official WhatsApp Channel of Yamunanagar Hulchul ®. Your one-stop digital platform for all district updates. Stay connected, stay informed!

Exit mobile version